कमालपुर में शांति समिति की बैठक, त्योहारों में खलल डालने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
धीना थानाध्यक्ष त्रिवेणी लाल सेन ने दुर्गापूजा, दशहरा, रामलीला और दंगल को शांतिपूर्ण संपन्न कराने की अपील की, मेले में वालंटियर तैनात करने के निर्देश

रिपोर्ट: गणपत राय
कमालपुर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को कमालपुर स्थानीय पुलिस चौकी पर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में रामलीला, दुर्गापूजा, दशहरा और दंगल समेत अन्य आयोजनों की तैयारियों पर चर्चा की गई। साथ ही त्योहारों में खलल डालने वाले अराजक तत्वों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
धीना थानाध्यक्ष त्रिवेणी लाल सेन ने कहा कि त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने में सभ्य समाज की अहम भूमिका होती है। इसके लिए पुलिस टीम गठित की गई है और अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन सदैव उनके साथ है।
थानाध्यक्ष ने दशहरा मेले के दौरान कमेटी के सदस्यों से वालंटियर तैनात करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे मेले में व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने में मदद मिलेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं कोई अराजक तत्व दिखाई दे या शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करे, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
बैठक में चौकी प्रभारी जय करन सरोज, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, कांस्टेबल विजय कुमार, शंकर गुप्ता, आनंद रस्तोगी, नीरज अग्रहरि, अमित जायसवाल उर्फ दीपू, गणेश अग्रहरि, संजय मिश्रा, अरविंद वर्मा, प्रदीप जायसवाल उर्फ बंटी, निकेश जायसवाल, महेश अग्रहरि, विकास गुप्ता, रितेश जायसवाल, सूबेदार राय, कृष्ण मोहन और कल्लू उपाध्याय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।



