सारनाथ पुलिस ने बरामद किए 13 गुमशुदा मोबाइल फोन, 1.80 लाख रुपये आंकी गई कीमत
13 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए, UPCOP और CEIR पोर्टल की मदद से मिली सफलता

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की सारनाथ पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के अभियान के तहत सराहनीय कार्रवाई करते हुए 13 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने सत्यापन के बाद सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिए।
पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। सारनाथ पुलिस टीम ने UPCOP और CEIR पोर्टल के साथ-साथ ऑफलाइन प्राप्त प्रार्थना पत्रों के आधार पर गुमशुदा मोबाइल फोन की जानकारी जुटाई और आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए 13 मोबाइल फोन बरामद किए।
मोबाइल फोन वापस मिलने पर उनके स्वामियों ने वाराणसी पुलिस की सराहना की। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह, कांस्टेबल संदीप कुमार वर्मा और आरक्षी सुनील गुप्ता शामिल रहे।



