अंतरराष्ट्रीय

Nvidia CEO जेनसन हुआंग का कथित अफेयर चर्चा में, चीनी जासूसी के शक पर कंपनी ने शुरू की जांच

पत्नी से बेवफाई की बात स्वीकार कर कर्मचारियों से मांगी माफी, पूर्व Megaspeed अधिकारी एलिस हुआंग से जुड़े मामले की स्वतंत्र जांच करेगा Nvidia बोर्ड

दुनिया की दिग्गज AI चिप निर्माता कंपनी Nvidia के CEO जेनसन हुआंग इन दिनों एक बड़े विवाद को लेकर सुर्खियों में हैं। मामला उनके निजी रिश्ते से शुरू होकर अब अंतरराष्ट्रीय जासूसी और अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं तक पहुंच गया है।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, जेनसन हुआंग का नाम सिंगापुर की कंपनी Megaspeed की पूर्व वरिष्ठ अधिकारी एलिस हुआंग से जोड़ा जा रहा है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के हवाले से आई खबरों में दावा किया गया है कि एलिस हुआंग के चीन की खुफिया एजेंसी से कथित संबंध हो सकते हैं और उनके जरिए Nvidia के CEO को निशाना बनाने की कोशिश की गई।

विवाद के बीच जेनसन हुआंग ने अपनी पत्नी और परिवार के प्रति बेवफाई स्वीकार की है। उन्होंने कंपनी के कर्मचारियों को भेजे संदेश में अपनी गलती की जिम्मेदारी लेते हुए परिवार और सहकर्मियों से माफी मांगी। हालांकि, अपने संदेश में उन्होंने एलिस हुआंग का नाम नहीं लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए Nvidia के निदेशक मंडल ने स्वतंत्र जांच शुरू कराई है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि क्या जेनसन हुआंग किसी विदेशी खुफिया अभियान का निशाना बने थे और क्या इस पूरे घटनाक्रम का कंपनी की संवेदनशील तकनीक पर कोई असर पड़ा है।

वहीं, Nvidia ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल ऐसा कोई कारण नहीं है, जिससे यह माना जाए कि कंपनी के गोपनीय रहस्यों या अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता हुआ है। जेनसन हुआंग जांच में पूरा सहयोग करने और CEO के पद पर बने रहने की बात कह चुके हैं।

करीब 4.5 ट्रिलियन डॉलर के बाजार मूल्य वाली Nvidia से जुड़ा यह विवाद अब वैश्विक AI उद्योग, कॉरपोरेट जगत और अमेरिका-चीन के बीच तकनीकी प्रतिस्पर्धा के लिहाज से भी अहम हो गया है। जांच के नतीजों पर अब पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं।

Back to top button