कैंट की सीताराम कॉलोनी में अराजकता से परेशान लोग, घरों में ताला लगाकर पुलिस कमिश्नर को चाबी सौंपने की चेतावनी
अवैध गुमटियों, नशे की कथित बिक्री और असामाजिक गतिविधियों से नाराज कॉलोनीवासी, सुरक्षा और कार्रवाई की उठाई मांग

वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र की सीताराम कॉलोनी में कथित अतिक्रमण और असामाजिक गतिविधियों को लेकर स्थानीय निवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि कॉलोनी के बाहर सड़क पर अवैध रूप से गुमटियां और ठेले लगाए गए हैं। इसके अलावा नशे की सामग्री की कथित बिक्री, जुआ और अन्य असामाजिक गतिविधियों के चलते क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन मारपीट की घटनाएं होती हैं। महिलाओं और बच्चियों के साथ अभद्र व्यवहार की शिकायतें भी सामने आती रहती हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
कॉलोनीवासियों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यदि प्रशासन उन्हें अपने ही घरों में सुरक्षित माहौल उपलब्ध नहीं करा सकता तो वे अपने घरों में ताला लगाकर उसकी चाबी पुलिस कमिश्नर को सौंपने को मजबूर होंगे।
निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेकर अवैध अतिक्रमण हटवाया जाए, नशे और जुए जैसी कथित गतिविधियों पर रोक लगाई जाए तथा क्षेत्र में पुलिस की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।
अब देखना होगा कि कॉलोनीवासियों की इस नाराजगी पर पुलिस और प्रशासन कब तक ठोस कदम उठाते हैं।



