ऑटो की टक्कर से बाइक सवार समेत तीन घायल, दो की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर
कमालपुर के इनायतपुर गांव के पास हुआ हादसा, फरार ऑटो चालक के खिलाफ पुलिस में तहरीर

रिपोर्ट: अवधेश राय
चंदौली: सकलडीहा-कमालपुर मार्ग पर इनायतपुर गांव के समीप तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से बाइक सवार समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने उसका काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन वह भागने में सफल रहा। मामले में परिजनों ने कमालपुर चौकी पर तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, कमालपुर निवासी इमरान अहमद (43) अपने बड़े पिता के पुत्र इमामुद्दीन (52) को बस पकड़वाने के लिए सकलडीहा जा रहे थे। रास्ते में इनायतपुर गांव के पास उनकी मुलाकात अकबर अली (45) से हुई। बातचीत के लिए बाइक सड़क किनारे रोकते ही सकलडीहा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ऑटो ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ऑटो चालक का पीछा किया, लेकिन चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर सरकारी एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को धानापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद इमरान अहमद और इमामुद्दीन की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं अकबर अली का उपचार स्थानीय स्तर पर किया गया।
कमालपुर चौकी प्रभारी जय करन सरोज ने बताया कि परिजनों की ओर से ऑटो चालक के खिलाफ तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



