उत्तर प्रदेशवाराणसी

वाराणसी के टिकरी में अन्नदान समारोह, जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आया श्री नित्य निकुंज रस सेवा संस्थान

नित्यानन्द पाण्डेय महाराज बोले- भूखे को भोजन कराना मानवता का सर्वोच्च धर्म, गरीब कन्याओं और महिलाओं के लिए जल्द शुरू होगा निःशुल्क प्रशिक्षण

वाराणसी। भारतीय संस्कृति में अन्नदान को महादान माना गया है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री नित्य निकुंज रस सेवा संस्थान ट्रस्ट, वृंदावन की ओर से वाराणसी के सुसुवाही क्षेत्र के ग्राम टिकरी में अन्नदान एवं अन्न वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से जरूरतमंदों और वंचित परिवारों तक सेवा एवं सहयोग पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

संस्थान के अध्यक्ष नित्यानन्द पाण्डेय महाराज ने कहा कि भारतीय संस्कृति में अन्न को ब्रह्म का स्वरूप माना गया है। भूखे को भोजन कराना केवल पुण्य का कार्य नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और परोपकार का सर्वोच्च उदाहरण है। उन्होंने बताया कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य समाज में किसी भी व्यक्ति को भूखा न रहने देना तथा आर्थिक रूप से कमजोर, वृद्ध, असहाय और वंचित परिवारों की यथासंभव सहायता करना है।

उन्होंने समाज के प्रबुद्ध नागरिकों, समाजसेवियों, धर्मप्रेमियों और दानदाताओं से संस्थान के सेवा कार्यों में सहयोग करने की अपील की, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाई जा सके।

गरीब कन्याओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल

कार्यक्रम के दौरान नित्यानन्द पाण्डेय महाराज ने गरीब एवं असहाय कन्याओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से निःशुल्क सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण और कंप्यूटर शिक्षा की व्यवस्था जल्द शुरू करने की घोषणा की। इसके साथ ही बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की योजना भी साझा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए संस्थान अपनी क्षमता के अनुसार हरसंभव सहयोग करेगा।

संस्थान के उपाध्यक्ष अखिलेश पटेल ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और सहयोग पहुंचाना संस्थान का प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही नारायण सेवा है और जरूरतमंदों की सहायता करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है।

कार्यक्रम में उपाध्यक्ष शशि सिंह, महामंत्री भगवानदास, व्यवस्थापक मंत्री अनिल पटेल सहित संस्थान के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

संस्थान की ओर से कहा गया कि अन्नदान केवल भोजन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में प्रेम, सद्भाव, समानता और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।

Related Articles

Back to top button