सड़क हादसे में कलेक्ट्रेट मुंशी की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर
ड्यूटी पर जाते समय जगदीश सराय के पास हुआ हादसा, टक्कर के बाद ट्रक चालक फरार

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली। चंदौली कोतवाली क्षेत्र के जगदीश सराय गांव के समीप शुक्रवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में कलेक्ट्रेट में तैनात मुंशी की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक महकमे और मृतक के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंदौली खुर्द गांव निवासी अजित कुमार (35) कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में मुंशी के पद पर कार्यरत थे। शुक्रवार सुबह वह रोज की तरह बाइक से ड्यूटी के लिए निकले थे। जगदीश सराय गांव के पास पहुंचते ही पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि अजित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर चंदौली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
अजित कुमार की अचानक मौत की खबर से कलेक्ट्रेट परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।



