चंदौली में कृषि यंत्रों पर सब्सिडी के लिए ई-लॉटरी आज, 10 हजार से अधिक अनुदान वाले किसानों का होगा चयन
21 अगस्त को NIC में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होगी ई-लॉटरी, प्रक्रिया को पारदर्शी रखने के निर्देश
रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत कृषि यंत्रीकरण योजनाओं में अनुदान पर कृषि उपकरण प्राप्त करने वाले किसानों का चयन 21 अगस्त को ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। इसके तहत 10,000 से अधिक सब्सिडी वाले कृषि यंत्रों, कृषि रक्षा उपकरणों और कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए लाभार्थियों का चयन किया जाना है।
ई-लॉटरी का आयोजन 21 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे जिला सूचना विज्ञान केंद्र (NIC), चंदौली में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में किया जाएगा।
यह प्रक्रिया सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन (SMAM) और इन-सीटू मैनेजमेंट सहित विभिन्न कृषि यंत्रीकरण योजनाओं के अंतर्गत की जा रही है। पात्र किसानों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा, जिससे अनुदानित कृषि यंत्रों के वितरण की प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाया जा सके।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहने तथा ई-लॉटरी की पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।



