उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली में काली मंदिर को चोरों ने बनाया निशाना, 20 किलो का पीतल का घंटा और चांदी की सात आंखें चोरी

नरौली में लगातार मंदिरों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के नरौली गांव स्थित प्रसिद्ध काली मंदिर में मंगलवार रात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर से करीब 20 किलोग्राम वजनी पीतल का घंटा और देवी प्रतिमा पर चढ़ीं चांदी की सात आंखें चोरी कर फरार हो गए। बुधवार तड़के घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया।

सुबह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे ग्रामीणों ने घंटा और चांदी की आंखें गायब देखीं तो इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी। कुछ ही देर में मंदिर परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन से जल्द चोरी का खुलासा करने की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पुलिस की गश्त प्रभावी नहीं है। उनका कहना है कि पिछले कुछ महीनों में नरौली गांव के ही तीन अन्य मंदिरों में भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, पूर्व की घटनाओं का भी अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास की दुकानों और मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का प्रयास है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके।

थाना प्रभारी धानापुर सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि काली माता मंदिर में चोरी की सूचना मिली है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

Related Articles

Back to top button