उत्तर प्रदेशचंदौली

बारिश में तालाब बना कंपोजिट विद्यालय बरांव, घुटनों तक पानी से पढ़ाई प्रभावित

जलभराव से बच्चों की सुरक्षा पर खतरा, प्रधानाध्यापक बोले- समस्या पुरानी, शिकायतों के बावजूद नहीं हुआ समाधान

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली। सर्व शिक्षा अभियान के तहत शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के सरकारी दावों के बीच कंपोजिट विद्यालय बरांव में जलभराव की समस्या ने व्यवस्था की पोल खोल दी है। सामान्य मानसूनी बारिश के बाद विद्यालय परिसर में घुटनों तक पानी भर गया है। पूरा परिसर तालाब में तब्दील होने से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक कन्हैया गुप्ता ने बताया कि जलभराव की समस्या काफी पुरानी है। उनके अनुसार, विद्यालय के पास से गुजरने वाली सड़क को स्कूल परिसर के धरातल से ऊंचा बना दिया गया है। बारिश का पानी विद्यालय परिसर में जमा हो जाता है और निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लंबे समय तक पानी भरा रहता है।

प्रधानाध्यापक ने आशंका जताई कि यदि आने वाले दिनों में तेज बारिश हुई तो पानी कक्षाओं में भी प्रवेश कर सकता है, जिससे शिक्षण कार्य पूरी तरह प्रभावित हो जाएगा। जलभराव के कारण बच्चों की आवाजाही भी मुश्किल हो गई है।

प्रधानाध्यापक ने आशंका जताई कि यदि आने वाले दिनों में तेज बारिश हुई तो पानी कक्षाओं में भी प्रवेश कर सकता है, जिससे शिक्षण कार्य पूरी तरह प्रभावित हो जाएगा। जलभराव के कारण बच्चों की आवाजाही भी मुश्किल हो गई है।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी बारिश के दौरान जलभराव के चलते विद्यालय की बाउंड्री वॉल गिर गई थी, जिसका पुनर्निर्माण अब तक नहीं कराया जा सका है। परिसर में लगातार पानी जमा रहने से सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने का खतरा भी बना हुआ है।

प्रधानाध्यापक के मुताबिक, समस्या को लेकर उच्च अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को कई बार लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है।

क्षेत्रीय नागरिक विवेक विश्वकर्मा, विवेक पांडेय, लल्लू, संतोष और दिनेश समेत अन्य ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीणों ने विद्यालय में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने के साथ ही क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल का जल्द निर्माण कराने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button