उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली में तेजी से बढ़ रहा गंगा का जलस्तर, प्रशासन अलर्ट; 40 बाढ़ चौकियां स्थापित

6 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा पानी, संवेदनशील घाटों पर NDRF तैनात; डीएम ने ग्रामीणों से न घबराने की अपील की

रिपोर्ट: लारेंस सिंह 

चंदौली। जिले से होकर गुजरने वाली गंगा नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी से तटवर्ती इलाकों में हलचल बढ़ गई है। वर्तमान में गंगा का जलस्तर करीब 6 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। हालांकि पानी अभी चेतावनी बिंदु से नीचे है, लेकिन लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए ग्रामीणों में संभावित बाढ़ को लेकर चिंता बढ़ गई है।

चंदौली जिले में करीब तीन दर्जन से अधिक गांव गंगा के तटीय क्षेत्र में बसे हैं। यदि जलस्तर में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही और बाढ़ का पानी रिहायशी इलाकों व खेतों तक पहुंचा, तो खड़ी फसलों के साथ पशुओं के चारे को भी नुकसान होने की आशंका है।

संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि जिले में 40 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं। इन चौकियों पर राजस्व, स्वास्थ्य, पशुपालन और पुलिस विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाई जा सके।

इसके अलावा संवेदनशील घाटों पर राहत एवं बचाव कार्य के लिए NDRF की टीमें भी तैनात की गई हैं। जिला और तहसील स्तर के अधिकारी गंगा के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

डीएम ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं। उन्होंने कहा कि प्रशासन के पास बाढ़ से निपटने के लिए पूरी कार्ययोजना तैयार है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं।

Related Articles

Back to top button