कार ने राहगीर को मारी जोरदार टक्कर, खाई में पलटी; वाराणसी ले जाते समय मौत
रिपोर्ट: अवधेश राय
कमालपुर। धीना-कमालपुर मुख्य मार्ग पर रैथा गांव के पास मंगलवार सुबह करीब 10:15 बजे तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने सड़क से गुजर रहे एक राहगीर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 55 वर्षीय बेचन यादव निवासी ग्राम सितलपुरा बरहन, थाना धीना गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे खाई में जाकर पलट गई।
स्थानीय लोगों ने घायल बेचन यादव को तत्काल कमालपुर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया। परिजन उन्हें इलाज के लिए वाराणसी ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार संख्या UP 65 BW 1827 (होंडा मोबिलियो) में रामबाबू पटेल पुत्र छोटे लाल पटेल निवासी ग्राम हृदयपुर, थाना मुगलसराय समेत तीन लोग सवार थे। सभी मुगलसराय स्थित आनंद नेत्रालय के कर्मचारी बताए जा रहे हैं। वे बरहनी ब्लॉक क्षेत्र के अमड़ा शंकर जी मंदिर के पास आयोजित होने वाले नेत्र जांच शिविर में शामिल होने जा रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह डब्लू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंच गए। कमालपुर चौकी प्रभारी जयकरन सरोज, उपनिरीक्षक लल्लन प्रसाद, उपनिरीक्षक राजेंद्र यादव, पीआरबी 7860 के हेड कांस्टेबल अमित वर्मा और चालक विवेकानंद तिवारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
धीना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।



