एशियन जूनियर हैंडबॉल चैंपियनशिप के लिए चयनित अनीश यादव का वाराणसी में भव्य स्वागत
चीन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे बनारस के युवा हैंडबॉल खिलाड़ी, खेल जगत ने बताया पूर्वांचल का गौरव

वाराणसी। 19वीं एशियन पुरुष जूनियर हैंडबॉल चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय टीम में चयनित बनारस के होनहार खिलाड़ी अनीश यादव का वाराणसी में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर खेल प्रेमियों, शिक्षकों और गणमान्य नागरिकों ने उनका सम्मान करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में वाराणसी पब्लिक स्कूल, केराकतपुर (लोहता) के डायरेक्टर एवं उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के कार्यकारी महासचिव अमित पांडेय ने अनीश यादव को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि अनीश ने अपनी मेहनत और शानदार प्रदर्शन से वाराणसी, उत्तर प्रदेश और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
विद्यालय की प्राचार्या प्रियंका सिंह ने इस उपलब्धि को विद्यालय और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताते हुए विद्यार्थियों से अनीश के अनुशासन, समर्पण और कठिन परिश्रम से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
विद्यालय के डिप्टी डायरेक्टर के. के. पांडेय ने कहा कि विद्यालय और श्यामा हैंडबॉल अकादमी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। अनीश की सफलता आने वाली पीढ़ियों के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
श्यामा हैंडबॉल अकादमी के मुख्य कोच सूर्यभान सिंह ने कहा कि अनीश यादव की यह उपलब्धि पूरे बनारस, उत्तर प्रदेश और देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि अनीश चीन में आयोजित एशियन जूनियर हैंडबॉल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर भारत का नाम और ऊंचा करेंगे।
गौरतलब है कि अनीश यादव बनारस के पहले युवा हैंडबॉल खिलाड़ी हैं, जिन्हें एशियन जूनियर हैंडबॉल चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन 15 से 26 जुलाई 2026 तक चीन में किया जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे पूर्वांचल में खुशी और गर्व का माहौल है।



