शिक्षामित्रों ने बीएसए को सौंपा ज्ञापन, मार्च 2018 के बकाया मानदेय के भुगतान की उठाई मांग
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ ने लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की, समय पर मानदेय और मूल विद्यालय में वापसी का भी मुद्दा उठाया

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष इंद्रजीत यादव ‘अजीत’ के नेतृत्व में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) सचिन कुमार से मुलाकात कर शिक्षामित्रों की विभिन्न लंबित समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने समस्याओं के शीघ्र समाधान और लंबित मांगों पर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष इंद्रजीत यादव ने बताया कि जनपद में सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत कार्यरत शिक्षामित्रों को मार्च 2018 का अवशेष मानदेय अब तक प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने बीएसए से बकाया मानदेय का जल्द भुगतान सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि समायोजन प्रक्रिया के दौरान दूसरे ब्लॉक या विद्यालयों में भेजे गए शिक्षामित्रों को उनके मूल विद्यालय में वापस भेजा जाए। साथ ही मानदेय वितरण में होने वाली देरी समाप्त कर प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश सरकार और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के बीच हुए एमओयू (MoU) के तहत शिक्षामित्रों को मिलने वाली सुविधाओं के लिए विभागीय आदेश जल्द जारी करने की भी मांग की, ताकि सभी पात्र शिक्षामित्र इसका लाभ प्राप्त कर सकें।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में सत्यनारायण यादव, अजीत तिवारी, नर्वदेश्वर मिश्रा, जेपी सिंह, संगीता सिंह, रामकरन, आशुतोष मौर्य, पूजा सिंह, लालजी राम, आलोक गुप्ता, मिन्ता राय और प्रभाकर शर्मा सहित कई शिक्षामित्र मौजूद रहे।



