उत्तर प्रदेशचंदौलीशिक्षा

काशी विद्यापीठ के दीक्षांत समारोह में चंदौली के राज सिंह यादव चमके, एमसीए में मिले दो स्वर्ण पदक

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया सम्मानित, किसान परिवार के बेटे ने बढ़ाया जनपद का मान

रिपोर्ट: अवधेश राय 

चंदौली/वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी में मंगलवार को आयोजित 48वें दीक्षांत समारोह में चंदौली जनपद के बहेरी गांव निवासी राज सिंह यादव ने शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए एमसीए में दो स्वर्ण पदक प्राप्त किए। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने उन्हें मंच पर सम्मानित किया। इस उपलब्धि से परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

राज सिंह यादव के पिता प्रदीप यादव किसान हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा हरिद्वार राय इंटर कॉलेज, कमालपुर (चंदौली) से हुई। इंटरमीडिएट परीक्षा में उन्होंने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर जनपद की मेधा सूची में टॉप-15 में स्थान बनाया था। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से बीएससी, बीएड और एमसीए की पढ़ाई पूरी की।

पढ़ाई के साथ-साथ राज सिंह यादव छात्र राजनीति और सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहे। इसके बावजूद उन्होंने अकादमिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एमसीए में दो स्वर्ण पदक हासिल किए। उनकी सफलता को चंदौली जनपद और काशी विद्यापीठ दोनों के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

दीक्षांत समारोह में विभिन्न संकायों के कुल 26 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। राज सिंह यादव की उपलब्धि समारोह की प्रमुख चर्चाओं में रही।

उन्हें बधाई देने वालों में काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद त्यागी, सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज सिंह काका, हरिद्वार राय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. रामप्रताप राय, सनातन इंटर कॉलेज वाराणसी के प्रधानाचार्य डॉ. हरेंद्र कुमार राय सहित अनेक शिक्षाविद, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय लोग शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button