उत्तर प्रदेशचंदौली

ऑपरेशन वज्रपात: सोशल मीडिया पर हथियार लहराने वालों पर चंदौली पुलिस का शिकंजा, 64 गैंग चिन्हित, 49 एफआईआर दर्ज

पांच दिवसीय विशेष अभियान में 187 सदस्य पुलिस के रडार पर, 4 आरोपी हिरासत में; हथियारों की सप्लाई चेन की भी हो रही जांच

रिपोर्ट: गणपत राय 

चंदौली। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दबंगई दिखाने और भय का माहौल बनाने वाले युवाओं के खिलाफ चंदौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। वाराणसी रेंज के डीआईजी के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत जिले में सक्रिय ऐसे गैंगों और उनके सदस्यों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बीते कुछ वर्षों में सोशल मीडिया के माध्यम से ऐसे कई गैंग सक्रिय हुए हैं, जो अवैध हथियारों, कारतूसों और दबंगई का प्रदर्शन कर युवाओं को प्रभावित करने तथा समाज में भय का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। इनमें अधिकांश सदस्य 16 से 22 वर्ष आयु वर्ग के हैं और कई मामलों में उनका कोई बड़ा आपराधिक इतिहास भी नहीं मिला है।

एसपी के अनुसार, 1 जून से 5 जून तक जिले में पांच दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के साथ-साथ थाना स्तर पर व्यापारियों, व्यवसायियों, होटल संचालकों और स्थानीय लोगों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर ऐसे गैंगों की पहचान की गई।

अभियान के दौरान जिले में कुल 64 गैंगों के 187 सदस्यों को चिन्हित किया गया। इनके खिलाफ अब तक 49 नामजद एफआईआर दर्ज की गई हैं, जबकि 4 आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने इनके संभावित ठिकानों पर भारी पुलिस बल के साथ दबिश भी दी है।

पुलिस जांच में सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें युवक अवैध हथियार, तलवार और कारतूसों का प्रदर्शन करते दिखाई दे रहे हैं। ऐसे मामलों में आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हथियारों और कारतूसों की सप्लाई चेन का भी पता लगाया जा रहा है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके।

एसपी आकाश पटेल ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने, सोशल मीडिया के जरिए दहशत फैलाने और गैंगबाजी को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी लोग पुलिस की निगरानी में हैं और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button