प्रधानमंत्री के 12 वर्ष पूर्ण होने पर चकिया की 89 ग्राम पंचायतों में चला स्वच्छता और जनजागरूकता अभियान
सोनहुल से अमरा उत्तरी तक व्यापक सफाई अभियान, ग्रामीणों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की दी गई जानकारी

रिपोर्ट: गणपत राय
चकिया। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकासखंड चकिया की समस्त ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व एडीओ पंचायत नारायण दत्त तिवारी ने किया।
अभियान के तहत सोनहुल, बुढ़वल, धनावल सिकंदरपुर, विजय पुरवा, अमरा उत्तरी सहित कुल 89 ग्राम पंचायतों में तैनात सफाई कर्मचारियों द्वारा सार्वजनिक स्थलों, सड़कों, नालियों एवं पंचायत भवनों के आसपास व्यापक साफ-सफाई की गई।
साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान गांवों में प्लास्टिक कचरे का संग्रहण भी किया गया और लोगों से प्लास्टिक का उपयोग बंद करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की गई।
एडीओ पंचायत नारायण दत्त तिवारी ने कहा कि स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त वातावरण के निर्माण में जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत सचिव, सफाई कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



