बाबा साहेब की जयंती पर डी.एन. यादव का संबोधन, 2027 चुनाव को लेकर दिलाया संकल्प

रिपोर्ट: गणपत राय
मुगलसराय। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर मुगलसराय विधानसभा के महेवा गांव में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भारतीय समाजवादी संस्कृति परिषद (बीएसपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डी.एन. यादव ने बाबा साहेब को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डी.एन. यादव ने कहा कि बाबा साहेब के विचार भारत की समाजवादी विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं। उनका दूरदर्शी नेतृत्व, न्याय, समानता और संविधानवाद के प्रति प्रतिबद्धता देश के लिए हमेशा मार्गदर्शक रहेगी।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का संपूर्ण जीवन मानवता, करुणा और आत्मशुद्धि का प्रतीक है, जिसकी प्रेरणा से सामाजिक न्याय और संविधान की भावना को बल मिलता रहेगा।
अपने संबोधन में डी.एन. यादव ने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि समाज में नफरत फैलाकर आर्थिक विषमता बढ़ाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था को कमजोर किया गया है और शिक्षण संस्थानों में अराजकता का माहौल बनाया गया है।
उन्होंने उपस्थित जनसमूह और कार्यकर्ताओं से आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अन्याय, भ्रष्टाचार और अंबेडकर विरोधी नीतियों के खिलाफ संकल्प लेने की अपील की।
इस मौके पर जमुना भारती, रतन सोनकर, राजू सोनकर, चंद्रशेखर बिंद, ललित बियार, श्यामप्यारी देवी, खैरुननिशा, महबूब नट, मुन्नी देवी, लक्ष्मण यादव, राजेश नेता, साधना गुप्ता, चुन्नीलाल, जितेंद्र, इंदल, राजेश सोनकर, रमेश पटेल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।



