वाराणसी में चोरी का बड़ा खुलासा, दो इनामी बदमाश गिरफ्तार
लंका थाना क्षेत्र के गायत्री नगर में हुई वारदात का पर्दाफाश, 40 लाख के जेवर बरामद

वाराणसी के थाना लंका पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घर में घुसकर लाखों के गहनों की चोरी करने वाले दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
यह मामला थाना लंका क्षेत्र के गायत्री नगर का है, जहां 5 अप्रैल को एक घर का ताला तोड़कर पुस्तैनी गहनों की चोरी की गई थी। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया।
लगातार सर्विलांस और जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को 17 अप्रैल को सीर गोवर्धनपुर स्थित काशीपुरम कॉलोनी के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद शारिक जमाल अंसारी और रेयाज अकरम के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं, जिनमें हार, मंगलसूत्र, अंगूठियां, कंगन और पायल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस द्वारा दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना लंका पुलिस टीम और प्रभारी निरीक्षक राजकुमार की अहम भूमिका रही।



