सासाराम रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन की बोगी में लगी आग, मचा हड़कंप
समय रहते बुझाई गई आग, बड़ा हादसा टला; डेढ़ घंटे की देरी से रवाना हुई ट्रेन

रिपोर्ट: गणपत राय
डीडीयू मंडल के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्लेटफॉर्म पर खड़ी 53212 डाउन सासाराम–पटना पैसेंजर ट्रेन की एक बोगी में अचानक आग लग गई। घटना सुबह करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। ट्रेन से धुआं और आग की लपटें उठते ही स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया और रेलकर्मी तत्काल मौके पर पहुंच गए।
गनीमत रही कि घटना के समय ट्रेन पूरी तरह खाली थी। जानकारी के अनुसार ट्रेन को सुबह 6:45 बजे पटना के लिए रवाना होना था। आग लगते ही रेलकर्मियों ने अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
घटना में ट्रेन की एक बोगी क्षतिग्रस्त हो गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्षतिग्रस्त कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया। इसके बाद आवश्यक जांच और सुरक्षा प्रक्रिया पूरी होने पर ट्रेन को सुबह 8:04 बजे रवाना किया गया। इस वजह से ट्रेन करीब 1 घंटे 20 मिनट की देरी से चली।
आरपीएफ सासाराम पोस्ट प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।



