बेटी के जन्मोत्सव पर पिता ने 19वीं बार किया रक्तदान, पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
चंदौली में शमशाद अंसारी ने बेटी अरीश इब्राहिम के दूसरे जन्मोत्सव पर किया अनोखा सेवा कार्य, समाज को दिया प्रेरणादायक संदेश

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। जन सहयोग संस्था के सदस्य शमशाद अंसारी ने अपनी बेटी अरीश इब्राहिम के दूसरे जन्मोत्सव के अवसर पर एक अनोखी मिसाल पेश की। गुरुवार को उन्होंने गुरुकुल विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया और साथ ही 19वीं बार रक्तदान कर समाज को सेवा और जागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर जन सहयोग संस्था के अध्यक्ष अजीत कुमार सोनी भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि संस्था के सभी सदस्य ऐसे पावन अवसरों पर रक्तदान, पौधरोपण और समाजसेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाते हैं, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए और लोग पर्यावरण संरक्षण व रक्तदान के प्रति जागरूक हों।
उन्होंने कहा कि रक्तदान से न केवल जरूरतमंदों की जान बचाई जाती है, बल्कि यह दाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है। संस्था समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि आगामी 14 जून को विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर बड़े पैमाने पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
वहीं रक्तदाता शमशाद अंसारी ने कहा कि पौधरोपण से पर्यावरण संतुलन बना रहता है और रक्तदान से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि बेटी के जन्मोत्सव को हर वर्ष इस तरह के सेवा कार्यों के साथ मनाना उनका संकल्प है, जिससे समाज को सकारात्मक दिशा मिल सके।
उन्होंने समाज के सभी लोगों से अपील की कि हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और रक्तदान के लिए आगे आए, ताकि समाज में जागरूकता और मानवता की भावना मजबूत हो सके।



