आम तोड़ने के विवाद में खूनी संघर्ष, दो भाइयों पर चाकू और कैंची से हमला
चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र के रमदत्तपुर गांव की घटना, एक युवक जिला अस्पताल रेफर; पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की कार्रवाई

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मारुफपुर चौकी अंतर्गत रमदत्तपुर गांव में शुक्रवार शाम आम तोड़ने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कुछ मनबढ़ युवकों ने दो सगे भाइयों पर चाकू और कैंची से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
जानकारी के अनुसार रमदत्तपुर निवासी राधेश्याम कुशवाहा का गांव के दक्षिणी छोर पर आम का बगीचा है। शुक्रवार शाम कुछ युवक बगीचे में आम तोड़ रहे थे। इसका विरोध करने पहुंचे उनके बड़े पुत्र अमित कुशवाहा (40) से युवकों की कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने अमित पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
शोर सुनकर खेत में काम कर रहे उनके छोटे भाई नीतीश कुशवाहा (32) मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायलों ने बलुआ थाने पहुंचकर मामले की तहरीर दी। पुलिस ने दोनों को मेडिकल परीक्षण के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनियां भेजा। चिकित्सकों ने अमित कुशवाहा की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
मामले में बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि आम तोड़ने के विवाद में मारपीट की घटना हुई है। एक पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



