गड़ई नदी सफाई कार्य का विधायक रमेश जायसवाल ने किया निरीक्षण, बरसात से पहले काम पूरा करने के निर्देश
पांडेपुर पुल निर्माण और महदेउर में नदी खुदाई का अधिकारियों संग लिया जायजा, समय पर कार्य पूरा न होने पर ठेकेदार की जमानत राशि जब्त करने की चेतावनी

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। मुगलसराय विधायक ने रविवार को गड़ई नदी की चल रही सफाई और खुदाई कार्य का विभागीय अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले पांडेपुर में गड़ई नदी पर निर्माणाधीन पुल का जायजा लिया। इसके बाद अधिकारियों के साथ ग्राम सभा महदेउर पहुंचकर नदी की खुदाई और सफाई कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान नदी की चौड़ाई और गहराई की भी माप कराई गई।
निरीक्षण के दौरान विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में गड़ई नदी की सफाई का कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नदी की सफाई पूरी होने के बाद क्षेत्र में बाढ़ की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी, जिससे किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा और खेती-किसानी का कार्य सुगम होगा।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग जनता को भ्रमित करने का प्रयास करते हैं, लेकिन विकास कार्यों का जवाब जमीन पर दिखने वाले काम से मिलता है। केवल विरोध या पैदल मार्च से नदी की सफाई नहीं हो सकती, इसके लिए धरातल पर कार्य करना पड़ता है।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और गड़ई नदी की सफाई का कार्य बरसात से पहले पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि समय पर कार्य पूरा नहीं होने की स्थिति में ठेकेदार की जमानत राशि जब्त कर दी जाएगी।
इस अवसर पर सुरमनी तिवारी, डॉ. के.एन. पांडेय, सोनू पांडेय, गोविंद केसरी, महेंद्र माही, मंडल अध्यक्ष गंगाराम साहनी, मंडल अध्यक्ष विवेक सिंह, धीरज, सोमारू बिंद, सत्य प्रकाश बिंद, बृजेश बिंद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।



