उत्तर प्रदेशक्राइमचंदौली

तेल्हारा गांव में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों के बाद फायरिंग, 10 घायल

चंदौली के कंदवा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप, 12 बोर बंदूक से फायरिंग की पुष्टि, गांव में पुलिस बल तैनात

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र के तेल्हारा गांव में रविवार सुबह पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। दलित बस्ती में दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। पहले दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, इसके बाद एक पक्ष ने 12 बोर की बंदूक से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज से पूरे गांव में दहशत फैल गई।

इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कुल 10 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, गांव के रामसूरत राम और अशोक के परिवारों के बीच लंबे समय से आपसी विवाद चला आ रहा था। रविवार सुबह इसी रंजिश को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ते-बढ़ते हिंसा में तब्दील हो गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कंदवा समेत कई थानों की पुलिस फोर्स गांव में तैनात कर दी गई है। पुलिस ने एहतियातन गश्त बढ़ा दी है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

मौके पर पहुंचे सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में 12 बोर बंदूक से फायरिंग की पुष्टि हुई है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button