उत्तर प्रदेशखेलवाराणसी

वाराणसी में राज्य स्तरीय अंडर-20 हैंडबॉल प्रतियोगिता 2026 का भव्य आगाज, गाजियाबाद ने दर्ज की पहली जीत

वाराणसी पब्लिक स्कूल में शुरू हुई तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर के 150 से अधिक खिलाड़ी ले रहे भाग, उद्घाटन समारोह में राज्य मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ रहे मुख्य अतिथि

वाराणसी। उत्तर प्रदेश खेल एवं शिक्षा परिषद एवं उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-20 (बालक वर्ग) हैंडबॉल प्रतियोगिता 2026 का रविवार को वाराणसी पब्लिक स्कूल, केराकतपुर, लोहता में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 7 जून से 9 जून 2026 तक किया जाएगा।

प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न मंडलों और जनपदों से 150 से अधिक खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। इसमें वाराणसी, लखनऊ, हरदोई, संत कबीर नगर, मऊ, मुरादाबाद, गोरखपुर, प्रयागराज, गाजियाबाद और संत रविदास नगर सहित कई जिलों की टीमें भाग ले रही हैं।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष एवं खाद्य सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में अंबरीश सिंह भोला उपस्थित रहे। अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न देकर स्वागत किया गया।

अपने संबोधन में दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। वहीं अंबरीश सिंह भोला ने खेल भावना और टीम वर्क के महत्व पर प्रकाश डालते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के कार्यकारी महासचिव एवं उत्तर प्रदेश खेल एवं शिक्षा परिषद के अध्यक्ष अमित पाण्डेय ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्रदान करती हैं।

प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में गाजियाबाद और संत कबीर नगर की टीमों के बीच रोमांचक मैच खेला गया। शानदार प्रदर्शन करते हुए गाजियाबाद ने संत कबीर नगर को 21-15 से हराकर प्रतियोगिता में विजयी शुरुआत की।

तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश की विभिन्न टीमों के बीच कई रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे।

Related Articles

Back to top button