चंदौली की बेटी दीक्षांशी गुप्ता को ‘शिरोमणि पुरस्कार’, खेल प्रतिभा का हुआ सम्मान
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने किया सम्मानित, अंडर-17 वॉलीबॉल टीम की कप्तान बन रच चुकी हैं इतिहास

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली की होनहार वॉलीबॉल खिलाड़ी दीक्षांशी गुप्ता को उनकी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा के लिए ‘शिरोमणि पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग द्वारा एक भव्य कार्यक्रम में प्रदान किया गया, जहां जिले की कुल 53 प्रतिभाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
धनजी गुप्ता की पुत्री दीक्षांशी गुप्ता ने कम उम्र में ही वॉलीबॉल के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। वह अब तक चार बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में जनपद और उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं, जो उनकी निरंतर मेहनत और समर्पण को दर्शाता है।
हाल ही में दीक्षांशी ने अंडर-17 वर्ग में वाराणसी मंडल की टीम की कप्तानी करते हुए अपनी टीम को पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाया। उनके बेहतरीन प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश अंडर-17 वॉलीबॉल टीम की कमान सौंपी गई। इसके बाद उन्होंने वेस्ट बंगाल में आयोजित नेशनल चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
दीक्षांशी को मिला ‘शिरोमणि पुरस्कार’ न सिर्फ उनके परिवार के लिए गर्व का विषय है, बल्कि जिले के युवाओं और खेल से जुड़े प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए भी एक बड़ी प्रेरणा बनकर उभरा है। उनकी यह सफलता यह साबित करती है कि छोटे शहरों और गांवों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो सिर्फ सही दिशा और मेहनत की।



