उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली में डीएम की अध्यक्षता में स्वास्थ्य समिति की बैठक, सेवाओं को मजबूत करने के निर्देश

संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, आशा भुगतान और PHC सेवाओं पर जोर; योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

रिपोर्ट: गणपत राय 

चंदौली, 24 अप्रैल 2026: जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए गर्भवती महिलाओं के समय पर पंजीकरण और सुरक्षित प्रसव को प्राथमिकता देने को कहा। साथ ही, नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को पूर्ण लक्ष्य के साथ संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी लाभार्थी इससे वंचित न रहे।

बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान में सुधार और मानदेय समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निष्क्रिय आशा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई और नई भर्ती पर भी जोर दिया गया, ताकि जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हो सकें।

जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) पर ओपीडी सेवाओं को बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही इलाज उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को सेवा भाव से कार्य करने और गरीबों को समय पर जांच व इलाज उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

सरकारी योजनाओं जैसे आयुष्मान भारत, जननी सुरक्षा योजना और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही, CSR गतिविधियों के समन्वय से स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

बैठक में संचारी रोग नियंत्रण अभियान और परिवार नियोजन कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। जनजागरूकता बढ़ाने और समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति के लिए रणनीति बनाने के निर्देश दिए गए। अंत में टेली कंसल्टेशन के माध्यम से बेहतर सेवाएं देने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Related Articles

Back to top button