ईवीएम वेयरहाउस का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी
चंदौली में जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मासिक समीक्षा के तहत ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा का लिया जायजा

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक माह ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाती है, इसी क्रम में यह निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गई ईवीएम मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का गहनता से जायजा लिया और सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों की जांच की। इसके साथ ही उन्होंने वीवीपैट गोदाम का भी निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था को परखा।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद सहायक निर्वाचन अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।
इस दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



