सपा की पीडीए जन पंचायत में 2027 की तैयारियों पर जोर, सरकार बनाने का लिया संकल्प
धानापुर के धराव सीता पोखरी में बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन, संगठन मजबूत करने पर हुई चर्चा

रिपोर्ट: अवधेश राय
धानापुर। समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए जन पंचायत के तहत बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन क्षेत्र के ग्रामसभा धराव सीता पोखरी में आयोजित किया गया। सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने 2027 में सपा गठबंधन की पीडीए सरकार बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सपा के राष्ट्रीय सचिव हरदेव कुशवाहा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से किसान, मजदूर, नौजवान, महिलाएं और छात्र प्रभावित हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बूथ स्तर पर तैयारियां तेज करने का आह्वान किया।
सपा नेता रमेश यादव ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर मतदाताओं को जागरूक करना होगा। उन्होंने हर विधानसभा क्षेत्र में 27 हजार वोट बढ़ाने के लक्ष्य के साथ संगठन को मजबूत करने की बात कही।
सैयदराजा विधानसभा अध्यक्ष रामजन्म यादव ने कार्यक्रम में पहुंचे कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं की मौजूदगी पार्टी के प्रति उनके उत्साह को दर्शाती है।
कार्यक्रम के अंत में सपा के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय रामगोविंद चौधरी के निधन पर कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर दयाराम यादव, आतिफ खान, वकील यादव फौजी, प्यारे पहलवान, नसीम साह, जवाहिर यादव, जय प्रकाश सिंह यादव, साहब यादव प्रधान, सूबेदार यादव, श्रीपती लेखपाल, मिश्री लाल, रुदल यादव, मोहन राम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



