मजदूर की बेटी ज्ञान ज्योति बनी एक्स-रे टेक्नीशियन, सरकारी नौकरी मिलने पर गांव में खुशी
मेहनत और संघर्ष से हासिल की सफलता, समाजसेवियों ने घर पहुंचकर मिठाई खिलाकर दी बधाई

रिपोर्ट: अवधेश राय
चंदौली के धीना थाना क्षेत्र के पिपरी गांव निवासी ज्ञान ज्योति ने कठिन परिस्थितियों के बीच पढ़ाई पूरी कर सफलता हासिल की है। मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाले पिता अशोक कुमार की बेटी ज्ञान ज्योति की नियुक्ति जौनपुर के सरकारी अस्पताल में एक्स-रे टेक्नीशियन के पद पर हुई है।
ज्ञान ज्योति ने प्रारंभिक शिक्षा से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई हरिद्वार इंटर कॉलेज, बभनियांव कमालपुर से पूरी की। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उसने पढ़ाई जारी रखी और मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया।
बेटी की सफलता पर पिता अशोक कुमार भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि मजदूरी करके बेटी की पढ़ाई पूरी कराने का प्रयास किया और आज उसकी उपलब्धि से उन्हें बेहद खुशी है। ज्ञान ज्योति की सफलता से परिवार के साथ गांव में भी खुशी का माहौल है।
सूचना मिलने पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य बंधु राम और क्षेत्र पंचायत सदस्य आलोक कुमार राय समेत अन्य समाजसेवी ज्ञान ज्योति के घर पहुंचे। उन्होंने मिठाई खिलाकर उसे बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कुलदीप गौतम, सौरभ राय, संदीप कुमार गौतम समेत अन्य लोग मौजूद रहे।



