वाराणसी में होमगार्ड्स एनरोलमेंट परीक्षा-2025 की पहली पाली शांतिपूर्ण संपन्न
45 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच परीक्षा आयोजित, 20,112 अभ्यर्थी दो दिन में होंगे शामिल
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 25 से 27 अप्रैल तक आयोजित हो रही होमगार्ड्स एनरोलमेंट परीक्षा-2025 के तहत वाराणसी में प्रथम पाली की परीक्षा शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा के नेतृत्व में पूर्व निर्धारित दिशा-निर्देशों का प्रभावी ढंग से पालन किया गया।
वाराणसी के 45 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जा रही है, जिसमें कुल 20,112 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा के दौरान प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती के साथ प्रशासन और पुलिस की कड़ी निगरानी व्यवस्था रही।
नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्र व्यवस्थापकों द्वारा कक्ष निरीक्षकों को पहले से ही निर्देशित किया गया था। सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरों से लगातार निगरानी की गई और DVR के माध्यम से रिकॉर्डिंग भी सुनिश्चित रही।
अभ्यर्थियों की प्रवेश के समय सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग की गई। साथ ही मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा कक्ष में ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा। अभ्यर्थियों के लिए क्लॉक रूम में मोबाइल रखने की व्यवस्था भी की गई थी।
परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर रोक लगाई गई और 200 मीटर के दायरे में फोटोस्टेट की दुकानों को बंद रखा गया।



