उत्तर प्रदेशचंदौली

इनायतपुर में ट्रांसफार्मर बदलने पर भड़के ग्रामीण, विद्युत उपकेंद्र का किया घेराव

100 केवीए की जगह 63 केवीए ट्रांसफार्मर लगाए जाने से नाराजगी, एसडीओ के 5 दिन में समाधान के आश्वासन पर खत्म हुआ धरना

रिपोर्ट: लारेंस सिंह 

चंदौली के धानापुर विकास खंड स्थित इनायतपुर गांव में बिजली विभाग की कार्यशैली को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। चल रहे 100 केवीए ट्रांसफार्मर को हटाकर उसकी जगह 63 केवीए का कम क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगाए जाने से ग्रामीण भड़क उठे और शनिवार को कमालपुर विद्युत उपकेंद्र का घेराव कर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 5 बजे विभाग के कर्मचारी जेई दालचन्द्र के निर्देश पर गांव पहुंचे और रामविलास राजभर के घर के पास लगे सुचारू ट्रांसफार्मर को बिना किसी पूर्व सूचना के हटा दिया। उनकी जगह कम क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगाया गया, जिससे गांव की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई।

स्थिति तब और बिगड़ गई जब शनिवार दोपहर 11 बजे तक नए ट्रांसफार्मर से कनेक्शन भी नहीं जोड़ा गया। भीषण गर्मी और उमस के बीच ग्रामीणों को पूरी रात और आधा दिन बिना बिजली के गुजारना पड़ा, जिससे उनका गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण कमालपुर उपकेंद्र पहुंचे और धरने पर बैठ गए।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सैयदराजा विधायक सुशील सिंह के प्रतिनिधि अन्नु सिंह भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मांग का समर्थन किया। बढ़ते विरोध को देखते हुए एसडीओ सुधीर कुमार भी मौके पर पहुंचे और समस्या को गंभीरता से लेते हुए पांच दिन के भीतर 100 केवीए का ट्रांसफार्मर पुनः स्थापित करने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।

ग्रामीणों ने विभाग की इस कार्रवाई को मनमानी बताते हुए कहा कि बिना किसी तकनीकी खराबी के क्षमता घटाना समझ से परे है, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ा।

Related Articles

Back to top button