अमित पाण्डेय बने भारतीय युवा पुरुष हैंडबॉल टीम के हेड ऑफ डेलीगेशन, ढाका इंटरकॉन्टिनेंटल टूर्नामेंट के लिए बड़ी जिम्मेदारी
IHF Men’s Youth Intercontinental Trophy 2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे अमित पाण्डेय, खेल प्रशासन में अनुभव को मिली अंतरराष्ट्रीय मान्यता

नई दिल्ली/वाराणसी। हैंडबॉल एसोसिएशन (इंडिया) ने उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी महासचिव श्री अमित पाण्डेय (किशन) को भारतीय युवा पुरुष हैंडबॉल टीम का हेड ऑफ डेलीगेशन (HOD) नियुक्त किया है। यह जिम्मेदारी उन्हें IHF Men’s Youth Intercontinental Trophy 2026 में भारत की भागीदारी के लिए सौंपी गई है।
यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 9 से 15 जून 2026 तक ढाका, बांग्लादेश में आयोजित की जा रही है, जिसमें भारतीय युवा पुरुष हैंडबॉल टीम देश का प्रतिनिधित्व करेगी।
हैंडबॉल एसोसिएशन (इंडिया) के महासचिव डॉ. तेजराज सिंह द्वारा जारी नियुक्ति पत्र में अमित पाण्डेय के खेल प्रशासन में योगदान, संगठनात्मक क्षमता और हैंडबॉल के विकास में उनकी भूमिका की सराहना की गई है। दल प्रमुख के रूप में वे भारतीय टीम के समग्र प्रबंधन, समन्वय, अनुशासन, खिलाड़ियों के कल्याण एवं आधिकारिक प्रतिनिधित्व की जिम्मेदारी संभालेंगे।
इस नियुक्ति पर उत्तर प्रदेश हैंडबॉल परिवार सहित खेल जगत से जुड़े लोगों ने खुशी जताते हुए इसे प्रदेश और देश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
अमित पाण्डेय ने इस जिम्मेदारी के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे भारतीय खिलाड़ियों के साथ मिलकर देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
हैंडबॉल एसोसिएशन (इंडिया) ने भारतीय टीम के सफल प्रदर्शन की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया है कि टीम ढाका में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाएगी।



