मधुपुर वृद्धाश्रम का आकस्मिक निरीक्षण, बुजुर्गों का जाना हालचाल, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। सदस्य अनुसूचित मोर्चा श्री मिठाई लाल निषाद, तहसीलदार सदर चंदौली तथा एडीओ समाज कल्याण ने मंगलवार को मधुपुर स्थित वृद्धाश्रम का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वृद्धाश्रम की साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। बुजुर्गों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताओं की जानकारी भी प्राप्त की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि वृद्धाश्रम में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सरकार की ओर से निर्धारित सभी सुविधाएं समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने आश्रम प्रबंधन को निर्देशित किया कि बुजुर्गों की देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान आश्रम के कर्मचारियों से भी व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी ली गई। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि समय-समय पर इस प्रकार के निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को बेहतर वातावरण और सभी आवश्यक सुविधाएं मिलती रहें।



