चंदौली में सीएचओ संघ का वार्षिक सम्मेलन और ऑर्गेनाइज़र मीट संपन्न, सीएमओ ने सराहा योगदान
ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने का लिया संकल्प, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों का हुआ सम्मान

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) संघ, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में रविवार को चंदौली स्थित मधु पैलेस में ‘सीएचओ ऑर्गेनाइज़र मीट एवं वार्षिक सम्मेलन 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में जिले भर के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संगठन की मजबूती के साथ ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. पारितोष मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों तक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी सीएचओ से निष्ठा, अनुशासन और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह की अध्यक्षता वाराणसी मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता ने की। कार्यक्रम में प्रदेश संरक्षक मनीष मिश्रा, प्रदेश अध्यक्ष सनत सिंह और प्रदेश महामंत्री सत्य प्रकाश मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सम्मेलन में संगठन की एकजुटता, सीएचओ के हितों की सुरक्षा तथा आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कई सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया। सम्मेलन में जिला अध्यक्ष बृजभूषण (भूषण) वर्मा, जिला महामंत्री रेनू, संगठन मंत्री प्रियतमा तिवारी, प्रदेश प्रवक्ता के.के. यादव तथा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिलराज सिंह समेत कई जिलों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सीएचओ मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।



