तम्बागढ़ आग पीड़ितों के लिए आगे आई रेडक्रास, 20 परिवारों को राहत सामग्री वितरित
पराली की आग में उजड़ी गरीब परिवारों की गृहस्थी, खाद्य सामग्री और जरूरी सामान देकर की गई मदद

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली के बरहनी क्षेत्र स्थित तम्बागढ़ गांव में हाल ही में पराली जलाने के दौरान लगी आग ने करीब 20 दलित परिवारों की जिंदगी को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया। आग की चपेट में आकर झोपड़ीनुमा घर, अनाज, कपड़े, बर्तन, साइकिल और अन्य जरूरी सामान जलकर नष्ट हो गए।
इस आपदा के बाद भारतीय रेडक्रास सोसाइटी चंदौली ने पीड़ित परिवारों की मदद के लिए पहल की। सभापति अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया। इस दौरान आटा, चावल, दाल, नमक, तेल, मसाले, गुड़, साबुन और चना जैसी जरूरी वस्तुएं सभी परिवारों तक पहुंचाई गईं।
उप सभापति महेंद्र सिंह ने कहा कि संकट के समय जरूरतमंदों की मदद करना ही सच्ची मानवता है। वहीं सचिव डॉ. एस. के यादव ने बताया कि रेडक्रास संस्था आपदा के समय लोगों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहती है।
इस अवसर पर डॉ. आर. के शर्मा, सुरेश अकेला, सुनील यादव समेत कई सदस्य और ग्रामवासी मौजूद रहे।



