उत्तर प्रदेशचंदौली

इनायतपुर में 100 केवीए की जगह 63 केवीए ट्रांसफार्मर लगाने पर हंगामा, ग्रामीणों का उपकेंद्र पर धरना

18 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से बढ़ा आक्रोश, एसडीओ के आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन

रिपोर्ट: अवधेश राय 

चंदौली जनपद के कमालपुर क्षेत्र अंतर्गत इनायतपुर गांव में 100 केवीए ट्रांसफार्मर हटाकर उसकी जगह 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाए जाने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार को अवर अभियंता दाल चन्द द्वारा पुराने ट्रांसफार्मर को हटाकर अन्यत्र भेज दिया गया और उसकी जगह कम क्षमता का ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया, जिससे गांव में विद्युत व्यवस्था चरमरा गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में जब अवर अभियंता से बात की गई तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। वहीं, ट्रांसफार्मर बदले जाने के बाद करीब 18 घंटे तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई, जिससे लोग परेशान हो उठे और आक्रोशित होकर पावर हाउस पहुंच गए।

स्थिति से नाराज ग्रामीणों ने उपकेंद्र पर शांतिपूर्ण धरना शुरू कर दिया। धरने की सूचना मिलते ही एसडीओ सुधीर कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसी बीच सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने भी अपने प्रतिनिधि अन्नू सिंह को मौके पर भेजा, जिससे मामला और गंभीरता से लिया गया।

एसडीओ सुधीर कुमार ने तत्काल विद्युत आपूर्ति बहाल कराई और ग्रामीणों को लिखित आश्वासन दिया कि 29 अप्रैल की शाम तक पुनः 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा दिया जाएगा। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।

धरना-प्रदर्शन के दौरान जलील अंसारी, सतीश मौर्य, धर्मेन्द्र तिवारी, राम अवतार, मुन्ना राजभर, कैलाश राजभर, जगदीश, बबलू, बीरेंद्र गोंड, नीरज और शिव प्रकाश विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button