उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली के बरठा गांव में ‘अमृत वन वाटिका’ का लोकार्पण, सरोवर और गार्डन बना आकर्षण का केंद्र

प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोंड और राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने किया उद्घाटन, जल संरक्षण और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली जनपद के विकास खंड सदर अंतर्गत ग्राम बरठा में एक पुराने प्राकृतिक तालाब को आधुनिक स्वरूप देते हुए ‘उत्तरापथ अमृत वन वाटिका’ के रूप में विकसित किया गया। इस नव विकसित सरोवर एवं गार्डन का लोकार्पण सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के राज्य मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोंड और राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह द्वारा फीता काटकर किया गया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण को बढ़ावा देने और स्थानीय लोगों को एक सुंदर व मनोरम स्थल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस तालाब का पुनरुद्धार कर इसे सरोवर एवं गार्डन के रूप में विकसित किया गया है।

सरोवर के चारों ओर वॉकिंग ट्रैक, बैठने के लिए बेंच, हरियाली युक्त गार्डन, शुलभ शौचालय और हाईटेक टिन शेड जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप स्थित होने के कारण यह स्थान भविष्य में दिल्ली, बंगाल और बिहार से आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकता है।

राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने इसे जल संरक्षण, हरित वातावरण और प्राकृतिक संतुलन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि ‘अमृत सरोवर’ मिशन के तहत इस तरह की परियोजनाएं भूजल स्तर को सुधारने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभा रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान सभी गणमान्य लोगों द्वारा पौधरोपण भी किया गया। यह परियोजना न केवल क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाएगी, बल्कि वर्षा जल संचयन को प्रोत्साहित कर सतत विकास और स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ाएगी।

Related Articles

Back to top button