कमालपुर व्यापार मंडल में नए अध्यक्ष की मांग तेज, व्यापारियों ने जिलाध्यक्ष को सौंपा पत्रक
सुदामा जायसवाल के निधन के बाद चुनाव कराने की मांग; 14 अगस्त को प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद साधना सिंह लेंगी अंतिम निर्णय

रिपोर्ट: अवधेश राय
चन्दौली। कमालपुर कस्बे के दर्जनों व्यापारियों ने रविवार को व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह के आवास पहुंचकर नए अध्यक्ष के चुनाव की मांग को लेकर पत्रक सौंपा। व्यापारियों का कहना है कि पूर्व अध्यक्ष सुदामा जायसवाल के आकस्मिक निधन के बाद व्यापारियों के हित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द चुनाव कराया जाना आवश्यक है।
व्यापारियों ने बताया कि वर्ष 2023 में अध्यक्ष पद को लेकर सदस्यता अभियान चलाया गया था और लगभग एक हजार व्यापारियों को सदस्य बनाया गया था। उस समय चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद सुदामा जायसवाल को पुनः अध्यक्ष पद पर मनोनीत कर दिया गया था। 9 जून को उनके निधन के बाद अब बाजार में नए नेतृत्व की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
जिलाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह ने व्यापारियों को आश्वासन देते हुए कहा कि संगठन का हर निर्णय व्यापारी हित में लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों का सहयोग ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और नए व्यापारियों का संगठन में स्वागत है। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद साधना सिंह के कमालपुर आगमन पर नए अध्यक्ष के चयन को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
इस दौरान नीरज अग्रहरि, संजय रस्तोगी, संदीप जायसवाल उर्फ बबलू, अमित जायसवाल उर्फ दीपू, रितेश पांडेय, शिवजी वर्मा, आनंद रस्तोगी, गोपी जायसवाल समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।



