चंदौली में विधिक जागरूकता शिविर, छात्र-छात्राओं को मिले अधिकारों की जानकारी
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में सेंट अभिषेक नर्सिंग संस्थान में कार्यक्रम, महिलाओं के अधिकार, सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य जागरूकता पर दिया गया विशेष जोर

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर मंगलवार को सेंट अभिषेक नर्सिंग एवं पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सिविल जज (सीडी)/पूर्णकालिक सचिव श्रीमती निकिता गौड़ की देखरेख में हुआ।
इस दौरान सचिव निकिता गौड़ ने छात्र-छात्राओं को महिलाओं के अधिकारों, सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और महिला एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास में सरकार की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे इस जानकारी को अपने गांव, कस्बों और शहरों में अन्य लोगों तक पहुंचाकर जागरूकता फैलाएं।
कार्यक्रम में संस्थान के प्रधानाचार्य अमित पचौरी समेत प्रवक्ता प्रीति, शिखा और अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही प्रवक्ताओं ने धूम्रपान और तंबाकू से होने वाली बीमारियों और उनके बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला। शिविर में सर्वाइकल कैंसर और उसके रोकथाम के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
इस विधिक साक्षरता कार्यक्रम का संचालन पैनल अधिवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह द्वारा किया गया।



