चंदौली में रोजगार सेवकों का हुंकार, विधायक को सौंपा 10 सूत्रीय मांग पत्र
रमेश जायसवाल को ज्ञापन सौंपकर रोजगार सेवकों ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी, मांगों पर जल्द कार्रवाई की उठाई मांग

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली में प्रान्तीय नेतृत्व के आह्वान पर मंगलवार को ब्लॉक इकाई के ग्राम रोजगार सेवकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार आवाज उठाई। रोजगार सेवकों ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों के समर्थन में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर के विधायक रमेश जायसवाल को उनके आवास पर सौंपा।
जिला महासचिव रवि प्रकाश पाण्डेय और संगठन मंत्री भोला नाथ के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को रोजगार सेवकों की समस्याओं से विस्तार से अवगत कराया। इस दौरान विधायक ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा और शासन स्तर पर प्रभावी पैरवी की जाएगी।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि रोजगार सेवक लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक ठोस समाधान नहीं निकला है। ऐसे में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि प्रदेश नेतृत्व के आगामी निर्देशों का जिले में पूरी मजबूती से पालन किया जाएगा।
साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि जल्द ही मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष पवन गुप्ता समेत बड़ी संख्या में रोजगार सेवक मौजूद रहे।



