गोधन गांव के पोखरे में मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में मचा हड़कंप
करीब 30 वर्षीय युवक की नहीं हो सकी पहचान, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधन गांव में मंगलवार को एक अज्ञात युवक का शव पोखरे में उतराया मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव बदनाम चाय की दुकान के समीप पोखरे में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोखरे से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन देर तक उसकी पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी गगनराज सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में युवक मानसिक रूप से कमजोर प्रतीत होता है और वह अक्सर आसपास के क्षेत्रों में घूमता रहता था।
फिलहाल युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है। पुलिस मामले की जांच के साथ मृतक की पहचान कराने में जुटी है।



