मुगलसराय में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद का भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं को दी चुनावी जिम्मेदारी
नियमताबाद कार्यशाला में रणनीति पर जोर, वाराणसी महारैली को सफल बनाने का आह्वान

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली जनपद के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) स्थित नियमताबाद विकासखंड सभागार में उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद का कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे, जिससे पूरे सभागार में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. संजय निषाद ने भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग, समर्पण और निरंतर समर्थन के बल पर ही वे इस मुकाम तक पहुंचे हैं। नामांकन के दौरान उमड़ी भीड़ को उन्होंने जनता और कार्यकर्ताओं के अटूट विश्वास का प्रतीक बताया।
चुनावी रणनीति पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की नीति और रणनीति पूरी तरह स्पष्ट है। पार्टी लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए काम कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद से आगामी चुनाव में पार्टी भारी मतों से जीत दर्ज करेगी।
इस दौरान एक दिवसीय कार्यशाला का भी आयोजन किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। डॉ. निषाद ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्हें आगामी 1 तारीख को वाराणसी में आयोजित महारैली को सफल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा कि मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र में निषाद समाज का वोट बैंक निर्णायक भूमिका निभाता है, इसलिए सभी कार्यकर्ता पूरी तैयारी के साथ चुनावी मैदान में उतरें।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा प्रदेश सचिव शिव कुमारी निषाद, जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार निषाद, ज्योति कश्यप, संगठन जिलाध्यक्ष सुरेश निषाद, चंद्रकला निषाद, चंदन सिंह, काशीनाथ निषाद, रामबरन निषाद, मेघनाथ बिंद, संजय बिंद, उदय नारायण बिंद, नारायण बिंद और रामकेश सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ और कार्यकर्ताओं का उत्साह आगामी चुनाव को लेकर पार्टी की सक्रियता और मजबूत तैयारियों का संकेत देता नजर आया।



