वाराणसी जंक्शन के सामने पुलिस सहायता केंद्र का उद्घाटन, यात्रियों और व्यापारियों को मिलेगी त्वरित सहायता
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने किया शुभारंभ, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और जनसहायता को प्रभावी बनाने पर जोर

रिपोर्ट: गणपत राय
वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने थाना सिगरा क्षेत्र अंतर्गत वाराणसी जंक्शन के सामने स्थापित नए पुलिस सहायता केंद्र का उद्घाटन किया। इस केंद्र की स्थापना का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाते हुए नागरिकों, यात्रियों एवं व्यापारियों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है।
वाराणसी जंक्शन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है। ऐसे में यह पुलिस सहायता केंद्र सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मी क्षेत्र में लगातार निगरानी रखेंगे और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि जनसुरक्षा कमिश्नरेट पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नागरिकों को सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि यह सहायता केंद्र महिला सुरक्षा, वरिष्ठ नागरिकों की सहायता और यात्रियों के मार्गदर्शन से संबंधित सेवाओं को और अधिक सुलभ और प्रभावी बनाएगा। इसके संचालन से अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा सुरक्षा संबंधी चुनौतियों के समाधान में भी मदद मिलेगी।
उद्घाटन कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, सहायक पुलिस आयुक्त शुभम कुमार, प्रभारी निरीक्षक सिगरा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



