वाराणसी में अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस का अभियान, मैदागिन से काल भैरव तक पैदल गश्त
एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह और इंस्पेक्टर दया शंकर सिंह ने पुलिस टीम के साथ संभाला मोर्चा, सड़क पर सामान फैलाने वाले दुकानदारों को दी हिदायत; अव्यवस्थित पार्किंग पर भी काटे चालान।

वाराणसी। कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस ने अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात के खिलाफ अभियान चलाया। एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह और इंस्पेक्टर कोतवाली दया शंकर सिंह ने पुलिस टीम के साथ विभिन्न इलाकों में पैदल गश्त कर व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान मैदागिन, विश्नेश्वरगंज, बुलानाला, काल भैरव सहित आसपास के क्षेत्रों में पुलिस ने सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। दुकानों के बाहर सड़क तक फैलाकर रखे गए सामान और ठेले-खोमचों को पीछे कराया गया। साथ ही दुकानदारों को दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त हिदायत दी गई।
पैदल गश्त के दौरान सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ भी चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों और वाहन चालकों से यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने तथा अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान का उद्देश्य प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर आवागमन को सुगम बनाना और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना है।



