किसान की बेटियों ने एथलेटिक्स में लहराया परचम, पलक और सोनी ने जीते स्वर्ण पदक
प्रयागराज में आयोजित प्रदेश स्तरीय विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में दिखाएंगी दमखम।

रिपोर्ट: अवधेश राय
चंदौली। चंदौली। प्रतिभा किसी बड़े शहर या संसाधनों की मोहताज नहीं होती। इसे साबित किया है कमालपुर कस्बे के राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली किसान परिवार की दो बेटियों ने। प्रदेश स्तरीय विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पलक यादव और सोनी यादव ने स्वर्ण पदक जीतकर अपने परिवार, विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया है।
प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में आयोजित प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में कक्षा 11 की छात्रा पलक यादव ने अंडर-17 वर्ग की लॉन्ग जंप स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, सोनी यादव ने हाई जंप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी जीत के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी जगह बनाई है।
दोनों छात्राएं बसगांवा गांव की निवासी हैं। पलक यादव किसान सुनील यादव की बेटी हैं, जबकि सोनी यादव किसान सुभाष यादव की पुत्री हैं। साधारण किसान परिवार से आने वाली इन बेटियों की उपलब्धि से गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
कोच दुर्गविजय सिंह और सुधीर यादव ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों की सफलता नियमित अभ्यास, मेहनत और लगन का परिणाम है। पलक यादव ने इससे पहले मंडलीय प्रतियोगिता की तीनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल किया था। वह दो वर्ष पूर्व रांची में आयोजित सब जूनियर प्रतियोगिता में भी प्रतिभाग कर चुकी हैं।
खेल शिक्षक अशोक कुमार और प्रिया सिंह ने कहा कि ग्रामीण परिवेश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर देने की है। वहीं, विद्यालय के प्रधानाचार्य रामदेव सोनकर ने दोनों छात्राओं की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार उनके आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग करेगा।
इस उपलब्धि पर उप प्रधानाचार्य दुर्गविजय सिंह, खेल शिक्षक अशोक कुमार सहित विद्यालय के शिक्षकों और क्षेत्र के लोगों ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



