उत्तर प्रदेशचंदौलीधर्म

कमालपुर रामलीला में श्रीराम-सीता विवाह का भव्य मंचन, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा परिसर

शिव धनुष टूटते ही गूंजे जयकारे, माता सीता ने श्रीराम के गले में डाली वरमाला; विवाहोत्सव देख भावविभोर हुए श्रद्धालु

रिपोर्ट: अवधेश राय

कमालपुर। कमालपुर रामलीला समिति की ओर से शनिवार की रात रामलीला परिसर में भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह प्रसंग का भव्य मंचन किया गया। शिव धनुष टूटने से लेकर माता सीता के श्रीराम को वरमाला पहनाने तक के दृश्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक मंगलगीतों और जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।

रामलीला के दौरान जनकपुर में आयोजित माता सीता के स्वयंवर का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। राजा जनक की प्रतिज्ञा के अनुसार, भगवान शिव के धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाने वाले वीर से माता सीता का विवाह होना था। स्वयंवर में पहुंचे कई राजा-महाराजाओं ने धनुष उठाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफल नहीं हो सका। इससे राजा जनक चिंतित हो उठे।

इसके बाद गुरु विश्वामित्र की आज्ञा पाकर भगवान श्रीराम धनुष के समीप पहुंचे। उन्होंने सहजता से शिव धनुष उठाया और प्रत्यंचा चढ़ाने का प्रयास किया, तभी धनुष टूट गया। धनुष टूटते ही रामलीला परिसर तालियों और जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इस दृश्य पर दर्शकों ने उत्साह के साथ कलाकारों का स्वागत किया।

स्वयंवर के बाद माता सीता ने भगवान श्रीराम के गले में वरमाला डालकर उन्हें अपने जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया। श्रीराम-सीता विवाह के इस मनोहारी दृश्य ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से रामायण के इस महत्वपूर्ण प्रसंग को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में रामलीला समिति के अध्यक्ष हरिवंश उपाध्याय सहित बसंत मिश्रा, संजीवन मिश्रा, पप्पू दुबे, राधारमण रस्तोगी, सौरभ दुबे, व्यास रविंद्र नाथ दुबे, श्याम बिहारी दुबे, संजय मिश्रा, गणेश अग्रहरि, विकास गुप्ता, सोनू गुप्ता, महेश गुप्ता, निकेश जायसवाल, विजय मौर्य और संतोष रस्तोगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button