सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन की मांग, अनुदेशक शिक्षकों ने अंबेडकर प्रतिमा के सामने लगाई न्याय की गुहार
14 वर्षों से शोषण का आरोप, बकाया एरियर समेत शिक्षक जैसी वेतन और सुविधाएं देने की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

रिपोर्ट: गणपत राय
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत अनुदेशक शिक्षकों ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का अनुपालन कराने की मांग को लेकर रविवार, 11 अक्टूबर को मुख्यालय स्थित शंकर मोड़ के पास बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के सामने न्याय की गुहार लगाई। अनुदेशक शिक्षकों ने आरोप लगाया कि सरकार पिछले 14 वर्षों से उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है और उन्हें उनके विधिक एवं मौलिक अधिकारों से वंचित रखा जा रहा है।
अनुदेशक शिक्षकों के अनुसार, उनके अधिकारों से जुड़ा मामला लंबे समय तक न्यायिक प्रक्रिया से गुजरने के बाद सर्वोच्च न्यायालय पहुंचा। उनका कहना है कि 4 फरवरी 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने 46 पृष्ठों का निर्णय सुनाते हुए शिक्षकों के वेतन और अन्य सुविधाओं से संबंधित निर्देश दिए थे। शिक्षकों का दावा है कि इस फैसले में बकाया एरियर सहित नियमित शिक्षकों के समान वेतन और सुविधाएं देने का आदेश दिया गया है।
अनुदेशक शिक्षकों ने कहा कि फैसले के बावजूद उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से अब तक इसके अनुपालन के लिए शासनादेश जारी नहीं किया गया है। उनका यह भी दावा है कि सरकार की ओर से दायर पुनर्विचार याचिका भी सुप्रीम कोर्ट खारिज कर चुका है। इसके बावजूद आदेश लागू नहीं होने से अनुदेशकों में नाराजगी और निराशा है।
शिक्षकों ने बताया कि फैसले के अनुपालन के लिए कई बार ज्ञापन सौंपे गए और संबंधित स्तर पर पैरवी भी की गई, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अनुदेशक शिक्षक आज अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं।
इस दौरान अनुदेशक शिक्षकों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों तथा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों के मार्ग पर चलते हुए अपनी मांगों को आमजन तक पहुंचाने की बात कही। उन्होंने सरकार से सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का अनुपालन सुनिश्चित करने और बकाया एरियर सहित वेतन एवं अन्य सुविधाएं प्रदान करने की मांग की।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रकाश सिंह, अमरनाथ राय, रामनरेश यादव, संतोष कुमार, नरेंद्र कुमार, स्वदेव कुमार, धनंजय कुमार, रमेश कुमार, अजित कुमार, कुलकर्णी देवा, चंदन कुमार, विनोद कुमार, शशिकांत कुमार, एनपी कुशवाहा, विनोद यादव, दीपक सिंह, रविन्द्र शंकर सिंह सहित दर्जनों अनुदेशक शिक्षक उपस्थित रहे।



