सैयदराजा के प्रीतमपुर में समाजवादी PDA सम्मान समारोह, डॉ. बिरेन्द्र कुमार बिन्द ने दिया सामाजिक एकता का संदेश
कार्यक्रम में सामाजिक न्याय, भाईचारे और क्षेत्र के विकास पर हुई चर्चा, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग रहे मौजूद

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। सैयदराजा विधानसभा के ग्रामसभा प्रीतमपुर में समाजवादी PDA सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ, जनपद चंदौली के जिलाध्यक्ष डॉ. बिरेन्द्र कुमार बिन्द मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान क्षेत्र के लोगों और समाजवादी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. बिरेन्द्र कुमार बिन्द ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए सामाजिक समानता, न्याय और भाईचारे को मजबूत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना और वंचित, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक एवं कमजोर वर्गों को सम्मान और अधिकार दिलाना PDA की विचारधारा का उद्देश्य है।
इस दौरान चमार और मौर्य समाज के लोगों के साथ सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर संवाद भी किया गया। डॉ. बिरेन्द्र कुमार बिन्द ने कहा कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनना और उनके सुख-दुख में सहभागी बनना ही सच्ची जनसेवा है।
उन्होंने कार्यक्रम में मिले सम्मान और समर्थन के लिए लोगों का आभार जताया। साथ ही कहा कि सैयदराजा की जनता उनके परिवार की तरह है और क्षेत्र की तरक्की, सम्मान एवं खुशहाली के लिए वह हमेशा जनता के साथ खड़े रहेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता झारखंडे मौर्य ने की, जबकि संचालन चूनमुन राम ने किया। कार्यक्रम के आयोजक पूर्व प्रधान अशोक राम रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, समाजवादी कार्यकर्ता और क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।



