उत्तर प्रदेशचंदौली

जीवित्पुत्रिका पर्व पर महिलाओं ने रखा निर्जला व्रत, डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य

पुत्रों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना के साथ रैथा गांव के शिव मंदिर व हनुमान मंदिर स्थित पोखरे पर हुआ पूजन

रिपोर्ट: अवधेश राय

ग्राम सभा रैथा में जीवित्पुत्रिका पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने अपने पुत्रों की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना को लेकर निर्जला व्रत रखा। महिलाओं ने स्थानीय शिव मंदिर और हनुमान मंदिर स्थित पोखरे पर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया।

पूजन के दौरान महिलाओं ने सिंदूर, रंग-बिरंगे वस्त्र, फूल-माला और अन्य पूजा सामग्री के साथ पुत्र का नाम लेकर उसके दीर्घायु और सुखमय जीवन की कामना की। जीवित्पुत्रिका व्रत में महिलाएं पूरे दिन बिना जल ग्रहण किए व्रत रखती हैं और अगले दिन व्रत का पारण करती हैं। इसी वजह से इसे निर्जला व्रत भी कहा जाता है।

पर्व के दौरान नवविवाहित परिवारों में गोठ की भी परंपरा निभाई गई। परिवार के सदस्य नए परिधान पहनकर फूल-माला और तरह-तरह के पकवानों के साथ एकत्र हुए। इस दौरान ढोल-नगाड़ों के बीच पूजा-अर्चना की गई।

महिलाओं की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पोखरे के आसपास पुलिस बल भी तैनात रहा।

Related Articles

Back to top button